भिवानी जिले के गांव पुर में शराब लेने गया एक युवक की बुरी तरह पिटाई की गई है । ठेके पर हुए झगड़े ने इतना भयावह रूप ले लिया कि युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार और सेल्समैन ने लाठी-डंडों से हमला कर उसकी बेरहमी से पिटाई की।
मृतक की पहचान गांव पुर निवासी 34 वर्षीय अजीत के रूप में हुई है। वह अविवाहित था और भेड़-बकरियां पालकर अपना गुजारा करता था। परिजनों ने बताया , 19 अक्टूबर की शाम अजीत शराब ठेके पर शराब लेने गया था, जहां किसी बात को लेकर उसका ठेकेदार और सेल्समैन से झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
भाई के साथ झगड़े की सुचना मिलते ही अजीत का बड़ा भाई धीरा भी मौके पर पहुंचा। उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके सामने ही अजीत को पीटते रहे। किसी तरह उसने भाई को छुड़ाया और उसे घर चलने को कहा, लेकिन अजीत ने मना कर दिया। उसी दौरान उसके दो दोस्त उसे घर लेकर आए। घर पहुंचने के बाद अजीत की तबीयत लगातार खराब होने लगी। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां तीन दिन इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। परिजन बताते हैं कि उसकी हालत में सुधार नहीं हो पाया था और वह कमजोर महसूस करता रहा। 31 अक्टूबर को अजीत अपनी बहन के घर तोशाम में हुए जागरण में गया था। वहां सुबह करीबन चार बजे उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। घर लौटने के कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई।

हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर जांच-पड़ताल करने पहुंची।
सिविल अस्पताल में कागजी कार्रवाई पूरी करती हुई पुलिस।
परिवार ने अजीत का शव गांव लाकर पुलिस को शिकायत दी है। बवानी खेड़ा थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारण का पता चलेगा , जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी देते हुए बवानी खेड़ा थाना प्रभारी ओम प्रकाश अभी पूरे गांव में इस घटना को लेकर गुस्सा और गम दोनों है—एक साधारण विवाद ने एक जिंदगी खत्म कर दी, और परिवार अब इंसाफ की आशा में है।




































