हिसार के बरवाला इलाके में पुलिस की नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को एक बड़ी सफलता मिली है। नशा निरोधक टीम ने गांव बालक में छापेमारी कर एक तस्कर को दबोचा और उसके घर से 39 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया।
टीम प्रभारी उप-निरीक्षक इंदर सिंह ने बताया कि पुलिस गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि गांव बालक के एक मकान में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ रखा हुआ है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति वहां से भाग गया, जबकि उसका साथी मौके पर दबोच लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कपिल निवासी गांव बालक के रूप में हुई है, जबकि भागे हुए साथी का नाम नसीब बताया गया है। पुलिस ने डीएसपी सुमित कुमार की उपस्थति में मकान की तलाशी ली, तो बेड के अंदर छिपाकर रखे गए आठ पैकेट गांजा के मिले, जिनका कुल वजन 39 किलो 430 ग्राम है ।
गांजा को जब्त कर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी कपिल से पूछताछचल रही है, जबकि नसीब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही है।




































