हांसी में शुक्रवार सुबह सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ। उपमंडल परिसर से शुरू हुई यह दौड़ शहर के प्रमुख मार्गों—काली देवी चौक, तोशाम चुंगी, बस स्टैंड और अंबेडकर चौक—से होती हुई विश्राम गृह पर जाकर समाप्त हुई।
कार्यक्रम में शहर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, युवा और नागरिक शामिल हुए। दौड़ की शुरुआत के वक्त माहौल जोश और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। विधायक विनोद भयाना, तहसीलदार अनिल कुमार बिढान, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक सैनी, डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई, सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
दौड़ समाप्त होने के बाद आयोजित सभा में विधायक भयाना ने कहा कि “सरदार पटेल ने रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी थी। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता को बनाए रखना चाहिए।” भाजपा नेता अशोक सैनी ने भी युवाओं से “लौह पुरुष के सिद्धांतों पर चलने और देश की अखंडता की रक्षा करने” का आह्वान किया।
हालांकि कार्यक्रम का उत्साह अव्यवस्था के बीच फीका भी पड़ा। फव्वारा चौक पर प्राइवेट बसें अचानक दौड़ के रास्ते में आ गईं, जिससे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं काली देवी चौक पर बेसहारा पशु दौड़ में शामिल छात्रों के बीच आ गए, जिन्हें हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मौके पर दौड़ना पड़ा। 
दौड़ के बाद विश्राम गृह परिसर में खाली पानी की बोतलें और केले के छिलके जगह-जगह बिखरे मिले, जिससे सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। 
इसके बावजूद प्रतिभागियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सभी ने माना कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशप्रेम, एकता और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही, लोगों ने प्रशासन से अगली बार सुरक्षा और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था करने की अपील भी की।



































