सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार नगर निगम की टीम ने वीरवार से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान को तेजी से शुरू कर दिया है। अभियान के पहले दिन नगर निगम के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मिलकर दिल्ली रोड पर लगे अस्थायी खोखे, होर्डिंग्स और बैनरों को हटाने में जुटे रहे।
इससे पहले शनिवार को सिरसा चुंगी से जिंदल पुल तक अतिक्रमण हटाया गया था। दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए तहबाजारी विभाग ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। वीरवार को भी दिल्ली रोड पर यदि किसी दुकान के बाहर या सड़क पर सामान मिला तो उसे जब्त किया गया।
वहीं इस कार्रवाई को लेकर मेयर प्रवीण पोपली को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को दिल्ली रोड पर सैनी स्वीट्स के सामने से 2 मिक्सर जूसर और एक सिलेंडर, जिंदल अस्पताल रोड से दो मिक्सर जूसर जब्त किए गए थे।
लगातार तीसरे दिन रेहड़ी संचालकों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में रेहड़ी संचालक मेयर से मिलने पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए अभियान में राहत देने की मांग की।
लेकिन मेयर प्रवीण पोपली ने साफ कहा कि दिल्ली रोड पर किसी भी हाल में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेहड़ी संचालक दिल्ली रोड छोड़कर किसी अन्य स्थान पर अपना व्यापार कर सकते हैं।https://www.facebook.com/reel/654511297504689







































