सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार स्थित विद्युत नगर कॉलोनी में वेदा कैफे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आज कॉलोनीवासियों ने बिजली निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) का घेराव किया और पुराना वादा याद दिलाते हुए पूछा कि अश्लीलता फैलाने वाले इस कैफे को आखिर कब बंद किया जाएगा।
एमडी ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि यह विरोध जताने का सही तरीका नहीं है और बिना आश्वासन दिए अपने कार्यालय की ओर चले गए। इस पर लोगों ने विद्युत सदन में नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जारी रखा।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों का कहना है कि वेदा कैफे में अनैतिक गतिविधियां हो रही हैं और कॉलोनी का माहौल बिगड़ रहा है। खासकर बच्चों पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। उनका आरोप है कि यह बिल्डिंग वेलफेयर कार्यों के लिए बनी थी लेकिन अब इसे अश्लीलता का अड्डा बना दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, 14 फरवरी से लगातार वे इस कैफे का विरोध कर रहे हैं। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि टेंडर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कॉलोनी की महिलाओं ने इस मुद्दे पर दो बार एमडी से मुलाकात भी की थी।
लोगों ने आरोप लगाया कि कैफे संचालक ने पार्क पर भी कब्जा कर रखा है और वहां लड़के-लड़कियां आपत्तिजनक स्थिति में बैठते हैं। इससे परिवारों का रहना दूभर हो गया है। लोगों की मांग है कि कॉलोनी से बाहर के लोगों के इस कैफे में प्रवेश पर रोक लगाई जाए।
जब इस मामले में कैफे संचालक से बात करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।







































