सिटी बिग न्यूज | चंडीगढ़
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर एनएच-9 (हिसार से डबवाली) पर सड़क हादसों को रोकने के लिए अंडरब्रिज और ओवरब्रिज बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि डिंग, ओढां, साहुवाला प्रथम, चोरमार और सांवतखेड़ा जैसे गांवों में हादसों की संख्या बढ़ रही है क्योंकि ये गांव सड़क के दोनों ओर बसे हैं और ब्रिज न होने से ग्रामीणों को जोखिम उठाकर सड़क पार करनी पड़ती है।
सैलजा ने पत्र में लिखा कि इन डेंजर प्वाइंट्स पर संकेतक, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके चलते लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सिरसा में दिशा की बैठक में पता चला कि इस दिशा में कोई ठोस योजना प्रस्तावित नहीं है, जबकि पहले भी इस विषय पर पत्राचार किया जा चुका है।
उन्होंने यह भी मांग की कि सिरसा और फतेहाबाद में हाईवे एंट्री पॉइंट्स पर संकेतक लगाए जाएं ताकि पहली बार आने वाले चालकों को दिशा भ्रम न हो। इसके अलावा उन्होंने एनएच-9 के दोनों ओर बने 41 किलोमीटर लंबे बरसाती नालों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई और उनके पुनर्निर्माण तथा जल संरक्षण के लिए वाटर रिचार्ज बोर बनाने की भी सिफारिश की।
सैलजा ने यह भी कहा कि मंत्रालय द्वारा हिसार से डबवाली तक हाईवे मरम्मत के लिए स्वीकृत 147.02 करोड़ रुपये के बजट में नालों की मरम्मत को भी शामिल किया जाए। साथ ही, उन्होंने 60 किलोमीटर से पहले स्थापित सभी टोल प्लाजा बंद करने की भी मांग की ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके।
सच्चाई आई सामने, घोटालों की बुनियाद झूठ पर थी
सैलजा ने कहा कि टू-जी और कॉमनवेल्थ जैसे तथाकथित घोटालों में अब अदालतों द्वारा क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार की जा रही हैं, जिससे साफ हो गया है कि कांग्रेस को झूठे आरोपों में फंसाया गया। उन्होंने भाजपा और आम आदमी पार्टी से सार्वजनिक माफी की मांग की, जिन्होंने इन मामलों को राजनीतिक लाभ के लिए उछाला था।







































