सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में पंजाबी गायक गुरदास मान के कार्यक्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। विश्वविद्यालय के इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में ‘दिल दा मामला’ नाम से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि देश में हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की हत्या के बाद पूरे देश में शोक का माहौल है। ऐसे समय में सरकारी संस्थान में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित करना शर्मनाक है। उन्होंने वाइस चांसलर को तुरंत निलंबित करने की मांग की है।
विवाद बढ़ने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सफाई दी है कि यह एक निजी कार्यक्रम है और विश्वविद्यालय का इससे कोई लेना-देना नहीं है। आयोजकों ने कई दिन पहले ऑडिटोरियम किराए पर लिया था और नियमानुसार अनुमति प्राप्त की थी।
बताया जा रहा है कि गुरदास मान का यह कार्यक्रम 26 अप्रैल की शाम 7 बजे आयोजित होना है। आयोजकों ने ऑडिटोरियम के किराए के साथ लाखों रुपए का भुगतान किया है। टिकटों की कीमत 1,000 से 8,000 रुपए तक रखी गई है। कार्यक्रम के प्रचार के लिए शहर और विश्वविद्यालय परिसर में पोस्टर-बैनर भी लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने भी इस कार्यक्रम पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब देश शोक में डूबा है, तब इस तरह के जश्न का माहौल अनुचित है। लोग सोशल मीडिया पर भी इस कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।




































