सिटी बिग न्यूज | हिसार
प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज के बालसमंद रोड स्थित पीस पैलेस में दो दिवसीय योग भट्ठी कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिसार केंद्र की संचालिका बी.के. बहन रमेश कुमारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में बी.के. आत्म प्रकाश मधुबन से विशेष रूप से उपस्थित हुए जिन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
बी.के. आत्म प्रकाश ने बताया कि वर्तमान समय में यदि मानव अपने जीवन में छाई किसी भी प्रकार की नकारात्मकता को समाप्त कर एक खुशहाल और निश्चिंत जीवन जीना चाहता है तो उसके लिए उसे खुद में और परमात्मा में खो जाने की कला सीखनी चाहिए।
यह ‘गॉडली’ यूनिवर्सिटी हमें खुद का और परमात्मा का दोनों का अध्ययन करवाती है अर्थात हमें पता चलता है कि हम खुद एक अविनाशी शक्तिशाली आत्मा और उस अविनाशी परम पिता परमात्मा की संतान हैं। हम आत्मा ही शरीर द्वारा पूरा जीवन अलग-अलग रोल निभाते हैं।
जिस प्रकार संसार में एक बच्चे के लिए पिता का और मां का प्यार उसके जीवन को कितना खुशहाल और निश्चित बनाता है। ठीक उसी प्रकार आध्यात्मिक ज्ञान जो इस ‘गॉडली’ यूनिवर्सिटी में सिखाया जाता है। वह हमें बताता है कि आत्मा को उसके पिता परमात्मा का प्यार कैसे खुश और निश्चिंत कर सकता है।
यह ज्ञान प्राप्त करके ही हम जान पाते हैं कि पिता परमात्मा का प्यार ही आज संसार में विश्वास पात्र प्यार है केवल परमात्मा प्यार ही ‘अनकंडीशनल’ अविनाशी निस्वार्थ सच्चा प्यार है। उन्होंने कहा कि मुस्कान के बिना मुख खिलता नहीं और सद्ज्ञान के बिना सुख मिलता नहीं।
बी.के. आत्मप्रकाश ने बताया कि दुनिया का प्यार हमें भटकाता है जिससे हम दुख पाते हैं और पिता परमात्मा का प्यार हमें एक खुशहाल और सुंदर जीवन की राह दिखा देता है। परमात्मा ही आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत हैं।
भगवान को याद करने से हमें शक्तियां मिलती हैं और सभी तरह से आत्मा यहां पर भरपूर हो एक सुंदर सफल और खुशहाल रोल अदा कर पाती है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से श्रीमती दीपिका जिंदल, सोम प्रकाश, डॉ राकेश मलिक, अजीत कुंडू, बीके रमेश कुमारी, बीके अनिता, बीके अंतिमा, बीके नीरज, बीके वन्दना, बी.के. मंजू, डॉ. ऋषि तायल, डॉ बी. बी. बांगा, डॉ. बेरवाल, बीके महेश, बीके रीता बांगा व डॉ. राज सिंह आदि उपस्थित रहे।








































