सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार एयरपोर्ट को लेकर घमासान मच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे से पहले, लोक निर्माण विभाग (PWD) को एयरपोर्ट के कामकाज से हटाने पर एविएशन मंत्री विपुल गोयल ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और जांच करवाई जाएगी कि एयरपोर्ट की चारदीवारी निर्माण में कितना खर्च हुआ और धरातल पर कैसा काम किया गया।
DGCA ने PWD को किया बाहर, AAI को सौंपा काम
DGCA ने एयरपोर्ट पर हुए कार्यों पर असंतोष जताते हुए PWD को हटाने और आगे का काम एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को सौंपने की सिफारिश की है। रिपोर्ट में बाउंड्री वॉल, रनवे और इंस्पेक्शन रोड को मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
कांग्रेस सांसद ने साधा निशाना
हिसार के कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी सरकार “बेर को अंगूर” कह रही है। उन्होंने कहा कि DGCA की रिपोर्ट में 180 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार की बात सामने आई है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
’70 सीटर विमान भी खतरे में’
सांसद जेपी ने एयरपोर्ट की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर 70 सीटर विमान रनवे पर उतरते समय किसी जानवर से टकरा गया, तो हादसा हो सकता है। उन्होंने PWD पर घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के सामने सच आना चाहिए।
दुष्यंत चौटाला के कार्यकाल पर सवाल
एयरपोर्ट निर्माण का अधिकतर कार्य पिछली भाजपा-JJP सरकार के दौरान हुआ, जब PWD तत्कालीन डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला के पास था। DGCA की रिपोर्ट के अनुसार, 180 करोड़ रुपये से बनी बाउंड्री वॉल की नींव ही नहीं भरी गई थी। हालांकि, PWD ने किसी भी गड़बड़ी से इनकार किया और कहा कि बाउंड्री वॉल मात्र 22 करोड़ में बनी है।







































