सिटी बिग न्यूज | हिसार
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को हिसार पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री ओपी जिंदल की पुण्यतिथि पर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में 30 बेड के ICU यूनिट का लोकार्पण और PG हॉस्टल का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी की तारीफ
अमित शाह ने हरियाणा की जनता को “धाकड़” कहकर संबोधित किया और मुख्यमंत्री नायब सैनी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “नायब सैनी दिखने में शांत और सौम्य हैं, लेकिन अंदर से एक मजबूत प्रशासक हैं। उन्होंने चुनाव से पहले कठिन परिस्थितियों में भी बेहतर परिणाम दिए।”
हरियाणा सरकार की उपलब्धियां
-
बिना पर्ची और खर्ची के 80,000 युवाओं को मिली नौकरी
-
राज्य का बजट 36,000 करोड़ से 2 लाख करोड़ के पार
-
MSP पर सबसे ज्यादा 24 फसलें खरीदने वाला राज्य
-
हर पंचायत में शिक्षित सरपंच और महिलाओं की बढ़ी भागीदारी
-
हरियाणा बना धुआं मुक्त राज्य
कैंसर अस्पताल की मांग पर चर्चा
कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने कैंसर अस्पताल की मांग रखी, लेकिन इस पर कोई घोषणा नहीं हुई। मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि झज्जर में कैंसर इंस्टीट्यूट बन रहा है।
गुरुओं के बलिदान का किया स्मरण
अमित शाह ने कहा, “सिख गुरुओं के बलिदान से हमारा अस्तित्व बचा हुआ है। आज गुरु अंगद देव जी की जन्म शताब्दी भी है, जिन्होंने भारतीय संस्कृति को संजोए रखने में अहम भूमिका निभाई।”
ओपी जिंदल को श्रद्धांजलि
उन्होंने पूर्व मंत्री ओपी जिंदल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे न केवल बड़े उद्योगपति थे, बल्कि समाज सेवा में भी अग्रणी थे। उनके प्रयासों से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज आज लाखों मरीजों को सेवा दे रहा है।
हर जिले में खुलेगा मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “हम हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने जा रहे हैं। हाल ही में हमने 10,000 करोड़ रुपये का बजट स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए आवंटित किया है।”
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, PWD मंत्री रणबीर गंगवा, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, सांसद नवीन जिंदल, हिसार विधायक सावित्री जिंदल और हांसी विधायक विनोद भयाना मौजूद रहे।







































