सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार में एक प्रेमी जोड़े की सरेआम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना सिटी थाना रोड की है, जहां लड़की के परिजनों ने प्रेमी जोड़े को होटल के बाहर पकड़ लिया और लड़के को बेरहमी से पीटा।
गुरुवार दोपहर जब लड़का-लड़की होटल जा रहे थे, तभी लड़की के परिजनों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने पीछा कर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया और वहीं थप्पड़ों की बरसात कर दी। गुस्साए परिजनों ने लड़के के कपड़े तक फाड़ दिए और उसे सड़क पर गिराकर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा। लड़की लगातार उसे बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। एक युवक ने तो ईंट उठाकर लड़के की कमर पर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा।
राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद लड़के को बचाया गया। घटना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई। इस मामले ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि थाना पास होने के बावजूद इतनी देर तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि लड़की के परिजनों को काफी समय से उनके अफेयर की जानकारी थी और वे दोनों को रंगे हाथ पकड़ना चाहते थे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।







































