सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के गांव सिंदौल में बुधवार (26 मार्च) को शहीद जवान अजय का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। चचेरे भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी पत्नी अपनी एक साल की बेटी के साथ श्मशान घाट पहुंची, जहां भारी संख्या में लोगों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।
32 वर्षीय अजय 23 मार्च को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए थे। बताया जा रहा है कि उनकी दिमाग की नस फटने से मौत हुई, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अजय 2019 में बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) में भर्ती हुए थे और राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत के कार्य में तैनात थे।
शहीद का पार्थिव शरीर 25 मार्च की शाम दिल्ली से हिसार लाया गया, लेकिन शाम होने के कारण 26 मार्च की सुबह अंतिम संस्कार किया गया। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी में पार्थिव शरीर रखने के बाद सुबह 9 बजे तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो 7 किलोमीटर लंबी थी और इसे तय करने में 2 घंटे लगे।
गांव पहुंचने पर दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं और किसानों ने फसल काटना छोड़ शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।







































