सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के बरवाला में एक नवविवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित कर ससुराल से निकालने का मामला सामने आया है। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे नौकरानी जैसा व्यवहार झेलना पड़ा। पति कई दिनों तक घर से गायब रहता था, वहीं ससुर ने छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी 10 मई 2024 को गांव देपल निवासी प्रवीण से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले पांच लाख रुपए, बुलेट मोटरसाइकिल और एसी की मांग करने लगे। जब परिवार यह मांग पूरी नहीं कर सका, तो उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
विवाहिता का कहना है कि 29 अगस्त को ससुराल पहुंचने पर पति तीन दिन तक गायब रहा। इस दौरान ससुर ने छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध करने पर सास और ननद ने मारपीट की और कमरे में बंद करने की धमकी दी। कई पंचायतों के बाद भी मामला नहीं सुलझा और 18 सितंबर को उसे मात्र तीन कपड़ों में घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट, आपराधिक धमकी और विश्वासघात का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







































