सिटी बिग न्यूज | सिरसा
हरियाणा के सिरसा जिले में पुलिस ने फर्जी जूनियर इंजीनियर बनकर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सतीश कुमार उर्फ लवली के रूप में हुई है, जो सिरसा के अहमदपुर का रहने वाला है।
कैसे किया फर्जीवाड़ा?
धमोरा थैड़ी, रानियां निवासी राहुल कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब दो महीने पहले उसे एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली निगम का जूनियर इंजीनियर (JE) बताया और कहा कि उसकी विभाग के बड़े अधिकारियों से अच्छी पहचान है।
आरोपी ने राहुल को हरियाणा कौशल रोजगार विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। भरोसा दिलाने के बाद आरोपी ने राहुल से 65 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
शिकायत के आधार पर सिरसा पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण के निर्देश पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने सतीश कुमार उर्फ लवली को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 10 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, एक अन्य व्यक्ति भी इस ठगी में शामिल है, जिसकी पहचान हो चुकी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।







































