सिटी बिग न्यूज | सिरसा
हरियाणा के सिरसा शहर में एक बार फिर लूट की वारदात सामने आई है। रविवार रात तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक दुकानदार से 95,800 रुपए से भरा बैग छीन लिया। यह घटना उसके घर के बाहर घटी, जब उसने अपनी स्कूटी खड़ी की थी।
पीड़ित देवेंद्र कुमार, जो पुराना बस अड्डा पर “सिटी फोटोस्टेट” नाम से दुकान चलाते हैं, सोमवार रात करीब 8:45 बजे दुकान से घर लौट रहे थे। उनके गले में पैसों से भरा बैग टंगा था, जबकि एक छोटे बैग में दवाइयां थीं।
जैसे ही उन्होंने घर के बाहर स्कूटी खड़ी की, तभी तीन बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। उनमें से एक युवक तेजी से बाइक से उतरा और झपट्टा मारकर देवेंद्र के गले से बैग छीन लिया। बैग की तनी टूट गई, और आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। शोर मचाने पर बदमाशों ने धमकी दी और भाग निकले।
देवेंद्र कुमार ने तुरंत अपने परिजनों को सूचना दी और पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया। घटना की सूचना मिलते ही हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। देर रात सिविल लाइन थाना में देवेंद्र की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।







































