सिटी बिग न्यूज | हिसार
दिल्ली रोड पर स्थित जिंदल पुल को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। बीएंडआर (बिल्डिंग एंड रोड्स) विभाग ने पुल की मरम्मत के लिए इसे शनिवार सुबह बंद किया, लेकिन ट्रैफिक पुलिस के अधूरे इंतजामों के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन के इंतजाम नाकाफी
प्रशासन ने सेक्टर 9-11 मोड़ पर नाका लगाकर चेतावनी वाले साइन बोर्ड लगाए हैं, लेकिन यह नाकाफी साबित हो रहे हैं। वाहन चालक पहले ही रूट डायवर्ट कर सकें, इसके लिए जिंदल चौक पर साइन बोर्ड लगाए जाने चाहिए थे, जो प्रशासन ने नहीं किए।
मरम्मत कार्य के चलते रूट डायवर्जन
बीएंडआर के अनुसार, जिंदल पुल पर मिलिंग का काम किया जाएगा और फिर डीबीएम की नई परत डाली जाएगी। इस पुल से हर दिन करीब 1 लाख वाहन गुजरते हैं। लंबे समय से सड़क की हालत खराब थी और मरम्मत की मांग उठ रही थी।
यातायात प्रभावित, लोग बना रहे वैकल्पिक रास्ता
सुबह 6 बजे पुल को बैरिकेडिंग कर बंद किया गया, और जेसीबी मशीन लगाकर रास्ता रोका गया। लेकिन वाहन चालक जेसीबी के किनारे से रास्ता बनाकर निकल रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा दो जगहों पर रूट डायवर्ट किया गया है और चार जगहों पर नाके लगाए गए हैं, लेकिन कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति से जाम की स्थिति बनी हुई है।
कैंट से आने वाले वाहन चालकों के लिए रूट
हिसार कैंट से आने वाले वाहन चालकों को सेक्टर 1-4 होते हुए शहर में प्रवेश करने की सलाह दी गई है। वहीं, इंडस्ट्रियल एरिया और जिंदल फैक्ट्री आने वाले ट्रकों को भी वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा।







































