सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव खरक पूनिया में 20 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों ने पड़ोसी गांव के युवक पर साजिश के तहत लड़की को गाड़ी में बैठाकर ले जाने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, युवती 21 फरवरी को दोपहर करीब 12:35 बजे खेत में चारा लेने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। गांव खरक पूनिया निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी को पड़ोसी गांव बधावड़ के युवक राहुल ने अपनी गाड़ी में जबरन बैठाकर अपने साथ ले गया। परिवार ने युवती की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
राजेश कुमार ने प्रशासन से बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि यह एक साजिश के तहत किया गया अपहरण है और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपी को पकड़कर युवती को सुरक्षित वापस लाना चाहिए।
बरवाला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राजेश कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और लापता लड़की की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस जांच तेज कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी को जल्द पकड़ने और युवती को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।







































