सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर में जमीन विवाद के चलते एक किसान की मेहनत पर पानी फिर गया। चार लोगों ने ट्रैक्टर से उसकी सरसों की फसल बर्बाद कर दी। घटना 14 फरवरी दोपहर 1:30 बजे की है। मामले की सूचना पर आदमपुर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
पीड़ित किसान प्रदीप के पिता कृष्ण कुमार ने 2018 में हनुमान से एक एकड़ जमीन खरीदी थी, जिसकी विधिवत रजिस्ट्री और इंतकाल उनके नाम दर्ज है। लेकिन आरोपी हनुमान, कृष्ण, मोहन और सतवीर लंबे समय से इस जमीन को लेकर विवाद कर रहे थे। इससे पहले भी उन्होंने प्रदीप की ग्वार की फसल नष्ट की थी।
कैसे हुई घटना?
घटनाक्रम के अनुसार, चारों आरोपी ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचे और प्रदीप से गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने ट्रैक्टर चलाकर उसकी सरसों की फसल नष्ट कर दी। जब किसान ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे ट्रैक्टर से कुचलने की धमकी दी और जान से मारने की चेतावनी दी।
पुलिस जांच में जुटी
आदमपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जबरन खेत में घुसने, फसल नष्ट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




































