सिटी बिग न्यूज | फतेहाबाद
बीती रात फतेहाबाद से उकलाना जा रही हरियाणा रोडवेज की बस का दर्दनाक हादसा हो गया। सिरसा-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर गांव सनियाना के पास यह हादसा तब हुआ जब एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई।
बस यात्रियों से भरी हुई थी, जिससे टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया और बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक सीट और पेड़ के बीच फंस गया, जिसे निकालने के लिए राहगीरों ने काफी प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
करीब आधे घंटे बाद क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाला गया और उकलाना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
इस हादसे में कई यात्री भी घायल हुए हैं, जिन्हें उकलाना और भुना के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के समय बस भुना बस स्टैंड से यात्रियों को उतारने के बाद आगे बढ़ी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई।
बस हादसे के बाद यात्री दहशत में हैं, हालांकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।







































