सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर में एक युवक के साथ उसके ही दोस्त और साथियों ने मिलकर लूटपाट की। पीड़ित राकेश कुमार का आरोपी मनोज कुमार के साथ 18 लाख रुपए का लेनदेन था। इसी हिसाब-किताब के सिलसिले में राकेश जब मनोज से मिलने पहुंचा तो उसे बंधक बना लिया गया और मारपीट कर जबरन 5 लाख रुपए छीन लिए गए।
योजना बनाकर की गई लूट
मामला 17 फरवरी का है जब राकेश अपने दोस्त सतपाल के साथ मनोज से मिलने उसके घर गया। वहां मनोज नहीं मिला, लेकिन फोन पर उसने राकेश को वहीं रुकने को कहा। कुछ समय बाद मनोज अपने साथियों—कुलदीप, हितेश, देव और पालाराम के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने पहले सतपाल को बंधक बना लिया और फिर राकेश को जबरन गाड़ी में डालकर दूसरे गांव ले गए।
मारपीट कर मांगे 30 लाख, फिर छीने 5 लाख
आरोपियों ने वहां राकेश के साथ मारपीट की और इसका वीडियो भी बनाया। उन्होंने राकेश से 30 लाख रुपए की मांग की और जान से मारने की धमकी दी। मजबूरी में राकेश ने अपनी बुआ के बेटे नरेश से मदद मांगी। नरेश ने हिसार के सेक्टर-14 में आरोपियों द्वारा भेजे व्यक्ति को 5 लाख रुपए दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने राकेश को छोड़ा और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस जांच में जुटी
18 फरवरी को सतपाल ने घायल राकेश को हिसार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने के बाद आदमपुर पुलिस ने मनोज और उसके साथियों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट और धमकी देकर पैसे वसूलने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




































