सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में फर्जी आरटीओ बनकर ट्रक ड्राइवर से लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बरवाला से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान घिराए निवासी नवीन और प्रवीण उर्फ पीनू के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है।
यह घटना 17 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। गांव धांसू निवासी ट्रक ड्राइवर रामनिवास टोहाना से अपने गांव लौट रहे थे। तभी सुलखनी फिरनी के पास एक काली स्कॉर्पियो ने उनका रास्ता रोक लिया।
स्कॉर्पियो से उतरे एक युवक ने खुद को आरटीओ अधिकारी का आदमी बताया और ट्रक के कागज मांगने लगा। जब रामनिवास ने इसका कारण पूछा, तो युवक नशे में धुत होकर बहस करने लगा। फिर वह ट्रक के पायदान पर चढ़ा और ड्राइवर का गला पकड़कर मारपीट की।
आरोपियों ने रामनिवास की जेब से 35 हजार रुपए लूट लिए और स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना बरवाला में 18 फरवरी को मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई उपेंद्र सिंह की अगुवाई में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।




































