सिटी बिग न्यूज | भिवानी
हरियाणा के भिवानी में व्यापार मंडल प्रधान एवं अग्रवाल सभा भिवानी के पूर्व प्रधान विजय बंसल टैनी को जान से मारने की धमकी मिलने और 2 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है। यह धमकियां गोशाला मार्केट में दुकानदारों के बीच दुकान को लेकर हुए विवाद से जुड़ी बताई जा रही हैं। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
लगातार धमकियों से सहमे विजय बंसल टैनी
विजय बंसल टैनी ने बताया कि उनकी गोशाला मार्केट में आटा चक्की (फ्लोर मिल) है। बीते तीन दिनों से एक व्यक्ति उनकी चक्की पर आकर लगातार धमका रहा है और 2 लाख रुपये की फिरौती मांग रहा है। आरोपी फोन पर भी लगातार धमकियां दे रहा है।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने शुक्रवार को सुबह से लेकर शाम तक कई बार धमकियां दीं और करीब 15-20 कॉल किए। शनिवार को आरोपी दोबारा मिल पर आया और स्टेनगन से जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान कर्मचारी डरकर सहम गए। जब विजय बंसल टैनी को इस घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत अपनी मिल पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी पास के एक घर में चला गया था।
समझौते की कोशिश बनी रंजिश का कारण
विजय बंसल टैनी ने बताया कि उनके पड़ोसी की किसी अन्य व्यक्ति के साथ दुकान को लेकर विवाद था। करीब छह महीने पहले उन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने का प्रयास किया था। इसी रंजिश के चलते अब उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और फिरौती मांगी जा रही है।
उन्होंने कहा कि उनकी जान को खतरा है और पुलिस को तुरंत कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ऐसे बदमाशों से सुरक्षा मिल सके।
पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना से व्यापारी वर्ग में रोष व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







































