सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार में भीम आर्मी के सदस्यों ने सोमवार को अपने जिला महासचिव अमित जाटव पर कथित पुलिस प्रताड़ना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी क्रांतिमान पार्क में एकत्रित हुए और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमल बराड़ा के नेतृत्व में लघु सचिवालय तक मार्च किया।
अमित जाटव ने पूरे रास्ते दंडवत प्रणाम करते हुए विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर थाना पुलिस के चार कर्मियों ने बिना किसी कारण के उन पर थर्ड डिग्री टॉर्चर का प्रयोग किया। मौके पर पहुंचे डीएसपी कमलजीत ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भीम आर्मी के नेता एडवोकेट संतलाल अंबेडकर ने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी महेंद्र निष्पक्ष जांच के बजाय आरोपी पुलिसकर्मियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने डीजीपी के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा, जिसमें निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि अमित की शिकायत पर तीन पुलिसकर्मियों बसाऊं, सुरेश और विकास को गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश किया जा चुका है। मामला वर्तमान में कोर्ट में विचाराधीन है। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।




































