सिटी बिग न्यूज | हिसार
पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध लोडेड पिस्तौल, तलवार, गंडासे और लकड़ी के डंडे समेत कई हथियार बरामद किए हैं। साथ ही, एक सफेद मारुति इको कार भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया जा रहा था।
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि आदमपुर रोड पर नहर के पास कुछ युवक राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि बदमाशों ने एक सरकारी स्कॉर्पियो को रोकने के लिए इको कार को आगे लगा रखा था और कई युवक हथियारों के साथ गाड़ी के चारों ओर खड़े थे।
तलाशी में अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने सभी आरोपियों को तुरंत काबू कर लिया। तलाशी के दौरान सुखदेव नामक युवक के पास से 12 बोर की लोडेड पिस्तौल मिली, जिसमें एक जिंदा कारतूस था। इसके अलावा, मारुति इको कार से एक प्लास्टिक बैग में तलवार, गंडासे, चार लकड़ी के डंडे और एक प्लास्टिक पाइप बरामद हुए।
आरोपियों पर केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने सभी के खिलाफ थाना अग्रोहा में मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी राहगीरों को लूटने की फिराक में थे। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।




































