सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार में न्यू यशोदा पब्लिक स्कूल के प्रशासक रहे एवं बीएचईएल के सेवानिवृत चीफ डायरेक्टर इंजीनियर कृष्ण माथुर का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। इंजीनियर टर्बाइन मेन ऑफ इंडिया कृष्ण माथुर का शिक्षा के प्रति गहरा लगाव था और वे बच्चों की अच्छी शिक्षा व संस्कार देने के पक्षधर थे।
उन्होंने बीएचईएल के चीफ डायरेक्टर के पद से सेवानिवृति के बाद न्यू यशोदा पब्लिक स्कूल का कार्यभार संभाला और हिसार को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने में अपना अतुलनीय योगदान दिया। कृष्ण माथुर अत्यंत मृदु स्वभाव, निष्छल हृदय एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे।
उन्होंने अपने जीवन में शिक्षा को बेहद महत्व दिया वर्ष 1940 में हिसार के मोरी गेट में उनका जन्म हुआ। उन्होंने 10वीं की शिक्षा हिसार से ही ग्रहण की इसके बाद उन्होंने थापर युनिवर्सिटी पटियाला से इंजीनियरिंग की शिक्षा ग्रहण की। उच्च शिक्षा के लिए रसिया व जर्मनी गए और वहां उन्होंने टर्बाइन इंजीनियर के रूप में कार्य भी किया।
इसके बाद उन्होंने हरिद्वार में बीएचईएल में काम किया। उनकी कार्य कुशलता एवं उनके ज्ञान व अनुभव को देखते हुए उन्हें बीएचईएल के चीफ डायरेक्टर की जिम्मेवारी दी गई। देश के विभिन्न प्रदेशों में बने बिजली घरों को बनाने में उनका विशेष योगदान है।
सेवानिवृत्ति के उपरांत उन्होंने हिसार में न्यू यशोदा पब्लिक स्कूल में प्रशासक का कार्यभार संभाला। उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व, अनुभव और ज्ञान से शिक्षा के क्षेत्र में एनवाईपीएस को नए मुकाम पर पहुंचाया जिसके चलते आज भी न्यू यशोदा पब्लिक स्कूल शिक्षा के जगत में चमकता हुआ सितारा बना हुआ है।







































