सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। उकलाना मंडी निवासी आशीष ने 13 जनवरी की शाम तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी थी। हादसा मल्लापुर गांव के पास मिंगनी खेड़ा मोड़ पर हुआ।
नरेश की शादी को हुए थे सिर्फ 2 महीने
जानकारी के अनुसार, मल्लापुर का अनिल अपने दो दोस्तों, प्रदीप और नरेश, के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। प्रदीप ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल है। नरेश की शादी महज दो महीने पहले हुई थी।
तीन बच्चों का सहारा छूटा
प्रदीप के तीन छोटे-छोटे बच्चे, दो बेटियां और एक बेटा, अब अनाथ हो गए हैं। प्रदीप खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सिविल अस्पताल से सूचना मिलने के बाद थाना सदर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जांच के बाद आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।







































