सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन की बैठक प्रदेश सचिव सुरेंद्र मावलिया की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान प्रदेश सरकार के एसोसिएशन के साथ किए जा रहे बर्ताव की निंदा की गई।
मावलिया ने कहा कि सरकार दवा विक्रेताओं के साथ दमनकारी नीतियां अपना रही है। नए लेबर एक्ट लागू कर रही है जिससे नए प्रावधानों में दवा विके्रताओं को सेल प्रमोशन एक्ट के तहत पूर्व में मिल रहा आर्थिक लाभ बंद कर दिया गया।
नए कानूनों में अनुबंध आधार पर नौकरी लागू होने से हजारों मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स (एमआर) पर जॉब सिक्योरिटी का खतरा मंडराने लगा है। एसोसिएशन की चिरलंबित मांग है कि एमआर के काम के घंटे फिक्स किए जाएं, इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय श्रम मंत्री ज्ञापन दिए गए हैं मगर सरकार उनकी अनदेखी कर रही है।
इस अवसर पर संघ की जिला कार्यकारिणी के गठन का निर्णय लिया गया। एसोसिएशन के प्रवक्ता अमित खन्ना ने बताया कि कैम्प चौक स्थित निजी होटल में शनिवार को संघ के सदस्यों को आमंत्रित कर नई कार्यकारिणी बनाई जाएगी।
इस अवसर पर विनय कक्कड़ प्रमोद धत्तरवाल, अमित भुटानी, राजबीर डूडी, रोहताश शर्मा, नवदीप गांधी, विकास, अजय गोदारा, हरदीप डीढारिया, अमन भारद्वाज, पंकज वधवा, शुभम भाटिया आदि उपस्थित थे।




































