सिटी बिग न्यूज | हैदराबाद
तेलुगु सुपरस्टार और “पुष्पा” फेम अभिनेता अल्लू अर्जुन को कोर्ट के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। हाल ही में हुई सुनवाई में अदालत ने यह फैसला सुनाया।
अल्लू अर्जुन को उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। सरकारी वकील ने अदालत को सूचित किया कि अभिनेता सहित कुल सात लोगों को दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। रिमांड रिपोर्ट के अनुसार, इन सभी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
बचाव पक्ष ने आरोपों पर ली कानूनी सलाह
सुनवाई के दौरान, बचाव पक्ष के वकील ने अदालत को बताया कि अभिनेता के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर कानूनी सलाह ली जा रही है। हालांकि, अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अल्लू अर्जुन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश जारी कर दिया।
हाईकोर्ट ने मांगी जानकारी: कितने लोग गिरफ्तार हुए?
तेलंगाना हाईकोर्ट की न्यायाधीश जुव्वडी श्रीदेवी की अदालत में मामले की सुनवाई शुरू हुई। कोर्ट ने सवाल किया, “कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया है?”
सरकारी वकील ने रिमांड रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि दो दिन पहले सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बचाव पक्ष के वकील ने सूचित किया कि उन्हें टेलीफोन पर जानकारी मिली है कि अभिनेता अल्लू अर्जुन को भी रिमांड में लिया गया है।
संध्या थिएटर प्रबंधन का दावा: पुलिस को पहले दी थी सूचना
अल्लू अर्जुन के पुष्पा 2 के प्रचार के दौरान हुए विवाद में नया मोड़ सामने आया है। हैदराबाद के संध्या थिएटर प्रबंधन ने दावा किया है कि उन्होंने अभिनेता के आगमन से दो दिन पहले ही पुलिस को लिखित रूप में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सूचित किया था।
प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने पुलिस को अल्लू अर्जुन के आने की जानकारी देकर अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस विवाद ने थिएटर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के बीच खींचतान को बढ़ा दिया है।







































