सिटी बिग न्यूज | हिसार
जननायक जनता पार्टी हिसार विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी रविन्द्र रवि आहुजा ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश में नई सरकार बने एक महीना ही हुआ है और पूरे प्रदेश में आए दिन हत्या, लूट, रंगदारी, अपहरण चेन स्नेचिंग की घटनाएं सरेआम सरकार और प्रशासन की नाक के नीचे हो रहे हैं।
सरकार बढ़ते अपराध को नजर अंदाज कर आए दिन केवल उद्घाटन, महोत्सव ओर भाजपा के सदस्यता अभियान में व्यस्त है। उसे आमजन की दुख तकलीफों से कोई मतलब नहीं।
रवि आहुजा ने पिछले कुछ दिनों में ही शहर में हुए अपराधों के बारे गिनवाते हुए बताया कि 8 नवंबर को कैमरी रोड हिसार निवासी 28 वर्षीय युवती की हत्या कर कर दी गई जिसका शव नहर में मिला। 13 नवंबर की रात डोगरान मोहल्ला में 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई।
14 नवंबर को नलका चौक मिलगेट के नजदीक सागर नामक युवक की दिन दहाड़े हत्या कर दी गई। 14 नवंबर की रात सैक्टर 9-11 के नजदीक युवति की हत्या की गई। इसके अलावा गांधी चौक बाजार में दुकानों के शटर तोडक़र चोरी करना और आज 10 दिसंबर को सैक्टर एक-चार के नजदीक 28 वर्षीय युवक की लाश मिलना जिसका चेहरा पत्थरों से कुचला गया था दर्शाता है कि अब हिसार सहित पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।
अपराधियों को न तो पुलिस प्रशासन का डर है और न ही सरकार इन पर कोई सख्ती बरत रही है। ऐसा लग रहा है जैसे प्रदेश में जंगलराज है। जजपा नेता ने कहा कि भाजपा केवल साम्प्रदायिकता, धर्म व जात-पात के नाम पर सत्ता में आई और भाजपा समर्थक विधायक और मंत्री शहर को संभालने की बजाय सत्ता के नशे में चूर अपने सदस्यता अभियान और निजी कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।
वहीं आमजन खुद को ठगा सा महसूस कर भय के साए में जी रहा है। आहुजा ने कहा कि जल्द ही हिसार शहर के पुलिस अधीक्षक से मिलकर शहर में बढ़ रहे अपराध का मुद्दा उठाएंगे और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र के माध्यम से शहर में बढ़ रहे अपराधों के बारे में अवगत करवाकर इस संबंध में ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की हर आवाज को मजबूती से उठाकर उनके हकों के लिए संघर्ष किया जाएगा।







































