सिटी बिग न्यूज | फतेहाबाद
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के बीघड़ रोड पर एक दुकान संचालक महिला के करोड़ों रुपये लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दुकान के बाहर हंगामा किया। लोगों का दावा है कि महिला कमेटियों के नाम पर 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लेकर रातों-रात गायब हो गई।
घटना सीसीटीवी में कैद:
मोहल्ले में लगे सीसीटीवी फुटेज में महिला को रात के समय दो बैग लेकर एक कार में बैठते हुए देखा गया है। इस फुटेज के आधार पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि वह जानबूझकर फरार हुई है।
डेढ़ महीने से पैसे मांग रहे थे लोग:
गौरव, तरुण और टोनी सहित अन्य लोगों ने बताया कि महिला पिछले 6 वर्षों से कमेटियां चला रही थी। इस बार की कमेटी में लोग अपनी मेहनत की पूंजी वापस मांग रहे थे, लेकिन महिला आनाकानी कर रही थी। गौरव ने बताया कि उसके 10 लाख रुपये फंसे हुए हैं, जिन्हें वह डेढ़ महीने से मांग रहा था।
7 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी:
अब दो दिन से महिला का फोन बंद है। उसके पति ने दावा किया कि पैसे वापस मिल जाएंगे। इन्वेस्टर्स का कहना है कि महिला से 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी है। अधिकांश पीड़ित महिलाएं हैं, जिन्होंने अपनी बचत जमा कराई थी।







































