सिटी बिग न्यूज
हिसार जिले के हांसी के लालपुरा गांव में चोरों ने दो मकानों से लगभग 18 लाख रुपये के आभूषण और नकदी चुरा लिए। इसके अलावा, दयाल सिंह कॉलोनी में एक दुकान से बिजली का सामान भी चोरी हुआ। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लालपुरा गांव के निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वीरवार की रात वह और उनका परिवार खाना खाकर सो गए थे। आधी रात के समय उनकी पत्नी पानी पीने के लिए उठी, तो उसने देखा कि दूसरे कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। शक होने पर जब उन्होंने जांच की, तो पाया कि कमरे की पिछली खिड़की खुली हुई थी।
अंदर जाकर देखा तो अलमारी से 17 तोले के सोने के गहने, चांदी का नारियल, और करीब 65 हजार रुपये गायब थे। इसी गांव की निवासी चंद्रकला ने बताया कि जब वह शुक्रवार की सुबह उठीं, तो देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ था। अलमारी से लगभग आठ तोला सोना, आधा किलो चांदी, चार हजार रुपये और कुछ महत्वपूर्ण कागजात गायब मिले।
इसके अलावा संदूक में रखे हुए पांच हजार रुपये भी नहीं मिले। दयाल सिंह कॉलोनी के निवासी संजीव ने बताया कि उनकी बिजली की दुकान है। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था। चोरी हुए सामान में 10 पुरानी मोटरें, 5 बंडल नई तार, 20 किलो कॉपर, 10 किलो कॉपर की तार के बंडल, और एक सबमर्सिबल मोटर शामिल थी, जिनकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने इन तीनों मामलों में शिकायत दर्ज कर ली है और चोरों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना के बाद भय का माहौल है और वे सुरक्षा के उपायों को लेकर सतर्क हो गए हैं।




































