सिटी बिग न्यूज
भिवानी जिले के तोशाम क्षेत्र के गांव दांग खुर्द से बीरण रास्ते पर एक ज्वार के खेत में मूल रूप से नेपाल के रहने वाले युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। शव गली-सड़ी अवस्था में है। उसके दोनों हाथ और एक पांव गायब है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। डॉक्टरों की विशेष टीम से इसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। दरअसल पुलिस को इसकी सूचना गांव दांग खुर्द के सरपंच राजेंद्र ने दी। सरपंच ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों ने सूचित किया कि किसान इंद्र के ज्वार के खेत में एक युवक का शव गली सड़ी हालत में पड़ा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की जांच की। मृतक के पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और नेपाल देश की करंसी बरामद हुई। कागजों के आधार पर युवक की पहचान नेपाल निवासी प्रदेशु के रूप में हुई। तोशाम पुलिस कई पहलुओं पर इसकी जांच में जुटी है। युवक की हत्या हुई है या फिर कोई हादसा, अभी कुछ साफ पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि शव कुछ दिन पुराना है। इसके चलते सड़ चुका है। शव के दोनों हाथ और एक पांव भी गायब है। पुलिस शव को लावारिस कुत्तों द्वारा नोचकर खाने का अंदेशा भी मान रही है। हालांकि तोशाम पुलिस ने आसपास भी काफी सर्च किया है, लेकिन फिलहाल कुछ महत्वपूर्ण सुराग नहीं मिल पाय है।







































