सिटी बिग न्यूज
सड़कों पर घूम रहे आवारा कुत्तों के हमले का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है। पिछले सप्ताह टोहाना में बुजुर्ग महिला की मौत से लोग उभर भी नहीं पाए थे कि शुक्रवार को फतेहाबाद के गांव झलनियां में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।
घास काटने खेत गई एक महिला पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। महिला मौके पर गिर गई, और कुत्तों ने उसके शरीर को 8 जगहों से नोच डाला, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को तत्काल फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इलाज में हुई देरी, इम्युनोग्लोबुलिन इंजेक्शन की कमी
महिला के परिजनों ने बताया कि अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भी महिला को सही उपचार नहीं मिल सका। उसे इम्युनोग्लोबुलिन इंजेक्शन की जरूरत थी, लेकिन वहां भी यह इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था। गांव झलनियां निवासी सपना (35) जब घास काटने खेत गई थी, तब उस पर यह हमला हुआ।
ग्रामीण सुशील ने बताया कि महिला की चीख सुनकर वह मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि कुत्तों का झुंड महिला को बेरहमी से काट रहा था। महिला के मुंह, पैर और हाथ पर कई गहरे घाव हो गए। किसी तरह कुत्तों से बचाकर उसे फतेहाबाद के अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा भेज दिया गया। अग्रोहा में इम्युनोग्लोबुलिन इंजेक्शन नहीं मिलने के कारण अब उसे रोहतक रेफर किया जा रहा है।
बढ़ती घटनाएं, ग्रामीणों में दहशत
टोहाना में पिछले सप्ताह भी एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत कुत्तों के हमले के कारण हुई थी। उस महिला का शव जींद के ढाबी टेक सिंह की रहने वाली कृष्णा देवी के रूप में पहचाना गया था। डॉक्टरों के अनुसार, पोस्टमार्टम से पता चला कि कुत्तों ने महिला की गर्दन पर घातक चोटें मारी थीं, जिससे उसकी मौत हो गई।




































