हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल के बाद आईएएस महेंद्र पाल (2017 बैच) ने बुधवार को हिसार के नए उपायुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने अनीश यादव से पदभार ग्रहण किया। दफ्तर पहुंचते ही उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और जिले की प्राथमिकताओं को समझने पर जोर दिया।
पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए महेंद्र पाल ने साफ कहा कि उनकी कोशिश होगी कि सामान्य लोगों के काम बिना देरी के और पूरी पारदर्शिता के साथ हों। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक बिना किसी बिचौलिए के पहुँचे, यही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी।
महेंद्र पाल इससे पहले भी राज्य के कई अहम विभागों में काम कर चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव और जमीनी समझ के दम पर वे अब हिसार में कामकाज की गति बढ़ाने की तैयारी में हैं।
उन्होंने कहा कि—
मेरी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगा कि आम जनता को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना किसी देरी और बिचौलियों के मिले। ईमानदारी और पारदर्शिता प्रशासन की पहचान होगी।

हिसार के नए DC महेन्द्रपाल ने पद सँभालते ही अधिकारियो के साथ की बैठक।
नई जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में ढिलाई नहीं चलेगी। चाहे शिकायत सीएम विंडो से आए या किसी अन्य माध्यम से—हर शिकायत का समाधान तय समय में होना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले में चल रहे विकास कार्यों—खासकर इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट्स—को समय पर पूरा करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए उन्होंने विभागीय टीमों के बीच बेहतर तालमेल और जिम्मेदारी की भावना पर जोर दिया।
अधिकारियों के साथ बैठक में महेंद्र पाल ने कहा, “हिसार राज्य का एक महत्वपूर्ण जिला है। यहां की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारा कर्तव्य है। टीमवर्क के साथ हम हिसार को और तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।”




































