हिसार। शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नगर निगम ने स्वच्छता बेड़े में बड़ा इजाफा करते हुए 149 नए कचरा संग्रहण वाहनों को शुरू कर दिया। “नई सोच, नया हिसार” अभियान के तहत लॉन्च किए गए इन वाहनों को कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, मेयर प्रवीण पोपली और निगम आयुक्त नीरज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वाहनों को फ्लैग ऑफ करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर सफाई वाहनों का शामिल होना शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि अब घर-घर कचरा संग्रहण पहले से अधिक नियमित, तेज और पारदर्शी तरीके से होगा, जिससे अनेक वार्डों में लंबे समय से चल रही दिक्कतें दूर होंगी।
मेयर प्रवीण पोपली ने इस पहल को पर्यावरण हितैषी प्रयास बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों के आने से न सिर्फ सफाई व्यवस्था सुधरेगी बल्कि नगर निगम की कार्यप्रणाली भी अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना भी इस व्यवस्था का एक अहम उद्देश्य है।
निगम आयुक्त नीरज कुमार के अनुसार, डोर-टू-डोर कचरा उठाने की जिम्मेदारी अगले पांच साल के लिए दो एजेंसियों को सौंपी गई है। आयुक्त ने बताया कि सभी वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग और रियल-टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा होगी, जिससे प्रत्येक वार्ड में कचरा संग्रहण की निगरानी आसानी से की जा सकेगी और किसी तरह की लापरवाही तुरंत पकड़ी जा सकेगी।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इन नए वाहनों के शामिल होने से शहर में कचरा निस्तारण की मौजूदा समस्याओं में कमी आएगी और सभी वार्डों में सफाई कार्य का बेहतर ढंग से संचालन संभव हो पाएगा। प्रशासन का दावा है कि यह कदम हिसार को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।




































