रेवाड़ी जिले के गुलाबपुरा गांव में शुक्रवार रात एक लग्न समारोह के दौरान शुरू हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। डीजे पर नाचते समय दो युवकों के बीच हुए झगड़े को शांत कराने पहुंचे दहलावास गांव के 28 वर्षीय संजीव कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में उसे रोहतक PGI ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मृतक परिवार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा है। रविवार को परिजन और ग्रामीण रामपुरा थाने पहुंच गए और गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार न करने की घोषणा कर दी।
डीजे पर शुरू हुआ झगड़ा
पुलिस के अनुसार गुलाबपुरा गांव में आयोजित शादी समारोह में संजीव भी शामिल था। डांस के दौरान दो युवकों में कहासुनी हुई और बात मारपीट तक पहुंच गई। संजीव ने दोनों को शांत रहने और झगड़ा न करने की सलाह दी।
सुलह कराने गए संजीव पर ही टूट पड़ा हमला
गवाहों के मुताबिक विवाद के बीच हस्तक्षेप करने पर दोनों युवक संजीव से भी उलझ पड़े। उन्होंने उसे धमकाया और पूछा कि वह उनके झगड़े में क्यों बोल रहा है। आरोप है कि दोनों युवक संजीव को अपनी बाइक पर बैठाकर गांव के जोहड़ की तरफ ले गए और वहां चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया।
चीखें सुनकर समारोह में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावर फरार हो चुके थे।
अस्पताल में तोड़ा दम
संजीव को तुरंत रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया गया। गंभीर हालत में रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
थाने में परिजनों का विरोध प्रदर्शन
मौत की खबर फैलते ही दहलावास और आसपास के गांवों के लोग रविवार सुबह बड़ी संख्या में रामपुरा थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की।
मृतक के पिता विजय सिंह ने कहा कि विवाद के कारण उनके बेटे को पहले भी धमकाया गया था। उन्होंने साफ कहा कि जब तक सभी नामजद आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा।

परिजनों ने घेरा रामपुरा पुलिस थाना , बोले - आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले नहीं करेंगे अंतिम संस्कार।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी

हत्या के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
रामपुरा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान दहलावास निवासी पुष्पेंद्र और बोड़िया कमालपुर के गौरव के रूप में हुई है।
पुष्पेंद्र पर पहले भी एक्सीडेंट का केस दर्ज है, जबकि गौरव पर पॉक्सो सहित चार मुकदमे चल रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।







































