8 महीने से सड़क टूटी, कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं; मेन गेट पर धक्कामुक्की, बाहर ही चला विरोध
हिसार के 12 क्वार्टर रोड की मेन गली की हालत आठ महीने से बदहाल है। सड़क के 30 फुट हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढे 24 घंटे हादसों को दावत दे रहे हैं। स्थानीय लोग कई बार नगर निगम को शिकायत कर चुके, धरना दे चुके, लेकिन आज तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी। इसी नाराजगी को लेकर मंगलवार को लोगों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध किया और ढोल बजाकर अफसरों को “जगाने” की कोशिश की।
पुलिस ने मेन गेट पर ही रोक दिया, अंदर जाने पर धक्कामुक्की
जैसे ही प्रदर्शनकारी ढोल-नगाड़े बजाते हुए निगम दफ्तर में दाखिल होने लगे, पुलिस ने मेन गेट पर बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया। अंदर घुसने की कोशिश कर रहे लोगों को पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर बाहर कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी गेट के बाहर ही बैठ गए और निगम व सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
गुस्साए लोगों ने मेन गेट पर ही अपने मांगपत्र की कॉपी चिपका दी।

“समस्या हल कर दो, हम यहीं से हट जाएंगे”
कुछ देर बाद नगर निगम के एसई सतीश गर्ग मौके पर पहुँचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। स्थानीय निवासी ललित भाटिया और राजेंद्र यादव ने साफ कहा —
“सड़क ठीक हो जाए, हम अभी चले जाएंगे। लेकिन अब और बहाने नहीं चलेंगे।”

8 महीने से सड़क टूटी, रोजाना होते हादसे
सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरदाना ने बताया कि 12 क्वार्टर एरिया में 30 फुट सड़क का हिस्सा निगम की गलती से लगभग आठ महीने पहले टूट गया था। तब से एक भी बार इसकी मरम्मत नहीं की गई।
उन्होंने कहा—
“रोज़ाना हजारों लोग यहां से गुजरते हैं। बच्चे गिर जाते हैं, बाइक फिसल जाती है। निगम को नोटिस भेजे, शिकायतें कीं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसलिए ढोल लेकर आए हैं। अगर इस बार भी काम नहीं हुआ तो शहर में निगम अफसरों की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालेंगे।”
पब्लिक हेल्थ की वजह से काम अटका: एक्सईएन
नगर निगम एक्सईएन जयवीर सिंह ने बताया कि 12 क्वार्टर रोड का 60 फुट हिस्सा करीब सात महीने पहले इसलिए नहीं बन पाया क्योंकि पब्लिक हेल्थ विभाग ने उस हिस्से में सीवरेज लाइन बदलने की बात कही थी।
उनके मुताबिक —
“सीवरेज की एक लाइन बदलनी है, इसलिए उस हिस्से पर रोड नहीं बन पा रही। पब्लिक हेल्थ विभाग कह चुका है कि काम का टेंडर जारी कर दिया गया है। लाइन बदलते ही सड़क बना दी जाएगी।”







































