दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार बम धमाके के बाद हिसार जिले के हांसी में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। बुधवार को पूरे जिले में पुलिस ने नाकेबंदी, वाहनों की चेकिंग और सघन तलाशी अभियान चलाया। खासतौर पर बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, पार्किंग स्थलों, होटलों और धर्मशालाओं की गहन जांच की गई ताकि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नज़रअंदाज न हो सके।
एसपी अमित यशवर्धन के निर्देश पर जिले के सभी थानों, चौक-चौराहों और सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीमें लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्निफर डॉग यूनिट की मदद से तलाशी अभियान भी चलाया गया।
थाना प्रबंधकों को सख्त निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सभी थाना प्रबंधकों को अपने-अपने इलाकों में असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों, गेस्ट हाउसों और धर्मशालाओं में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को टाला जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
एसपी अमित यशवर्धन ने नागरिकों से सतर्क रहने और पुलिस को हर संभव सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “नागरिकों की एक छोटी सी सूचना किसी बड़ी वारदात को रोक सकती है।”

हांसी एक होटल में जाँच करती पुलिस।
हांसी में पुलिस की टीमें विभिन्न होटलों, धर्मशालाओं और ढाबों पर भी जांच कर रही हैं। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि अगर कोई अनजान या संदिग्ध व्यक्ति किसी होटल, गेस्ट हाउस, ढाबे या सार्वजनिक स्थान पर दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को सूचित करें। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम हांसी का नंबर 88130-89302 जारी किया गया है।
पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जिलेभर में पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।




































