हांसी: 94 साल पुरानी भगवान विष्णु प्रतिमा का पुनःस्थापन, भव्य कार्यक्रम में उमड़े श्रद्धालु
हिसार के हांसी कस्बे में चोपटा के पास स्थित ऐतिहासिक श्री विष्णु मंदिर में बुधवार को भगवान विष्णु की पुरातन मूर्ति को विधिवत रूप से पुनः स्थापित किया गया। करीब 94 साल पुराने इस मंदिर में हुए कार्यक्रम में हांसी शहर ही नहीं, आसपास के कई जिलों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे। मंदिर परिसर घंटों तक भजन, मंत्रोच्चार और जयकारों से गूंजता रहा।

मंदिर के दर्शन करते भगत जन।
मंदिर ट्रस्ट के सचिव प्रवीण बंसल ने बताया कि मंदिर प्रांगण के पुनर्निर्माण में लगभग 15 महीने लगे। निर्माण में वही विशेष पत्थर इस्तेमाल किए गए हैं, जो अयोध्या के श्रीराम मंदिर में भी लगाए गए हैं। परिसर को पारंपरिक नक्काशी और शिल्पकला के साथ बेहद खूबसूरत रूप दिया गया है, ताकि इसका ऐतिहासिक स्वरूप भी बना रहे और भव्यता भी।
किले की खुदाई में मिली थी यह प्रतिमा
भाजपा के जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया ने बताया कि वर्षों पहले हांसी किले की पुरातात्विक खुदाई के दौरान यह मूर्ति मिली थी। उस समय मदन मोहन मालवीय इसे बनारस ले जाना चाहते थे, लेकिन स्थानीय निवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए मूर्ति को हांसी में ही स्थापित कर दिया गया था। अब उसी प्रतिमा को नए मंदिर परिसर में पुनः प्रतिष्ठित किया गया है।
न्यायाधीश दिनेश शर्मा भी रहे मौजूद

कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायाधीश दिनेश शर्मा मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों के साथ
कार्यक्रम में कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायाधीश दिनेश शर्मा ने भी पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने मंदिर की कला और निर्माण कार्य की सराहना की। यह भूमि उनके परिवार द्वारा दान की गई थी और मंदिर ट्रस्ट को निर्माण के दौरान परिवार का सहयोग भी मिला।
पूरे दिन मंदिर में हवन, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण चलता रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह सिर्फ मूर्ति स्थापना का कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर के सांस्कृतिक इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण था।
मंदिर को नया रूप मिलने के बाद यह अब पहले से अधिक आकर्षक और जीवंत दिखाई देता है।







































