सिरसा में मंगलवार को हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में हुआ हंगामा जब कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया अपने समर्थकों संग मीटिंग में पहुंच गए। बैठक को सांसद कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में रखा गया था।

जैसे ही विधायक सेतिया पहुंचे, पुलिस ने उन्हें गेट पर रोक दिया। इससे गुस्सा होकर उन्होंने गेट कूदकर मीटिंग हॉल के अंदर दाखिल हुए । इसके तुरंत बाद पुलिस ने हॉल का मैन गेट बंद कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण बन गया। विधायक और उनके समर्थक बाहर धरने पर बैठ गए, और पुलिसकर्मियों से अच्छी खासी जड़फ हुई।
सेतिया ने कहा कि वे उन अधिकारियों से जवाब मांगने आए हैं जो कार्य नहीं कर रहे। उन्होंने एडीसी और सीईओ पर लापरवाही के आरोप लगाए और मंत्री रणबीर गंगवा पर भी तंज कसा ।
कुछ समय बाद सेतिया ने मीटिंग में एंट्री के लिए परमिशन मांगी, लेकिन पुलिस ने फिर रोक दिया। इस दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई।
विधायक सेतिया का बयान
विधायक ने कहा —
“सिरसा की जनता दुखी है। न सफाई की व्यवस्था है, न सड़कों की मरम्मत। शहर में पीने का पानी गंदा आ रहा है और नशे पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। मैंने अधिकारियों को सभी रिपोर्ट भेजी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।”
उन्होंने कहा कि अब “नो प्रोटोकॉल, सिर्फ प्रोटेस्ट” होगा।
“अगर आज मुझे अंदर नहीं जाने दिया तो कोई बात नहीं, लेकिन अगली मीटिंग में जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। शहर में रहना है, तो अफसरों को काम करना ही पड़ेगा।”
डीएसपी आदर्श दीप सिंह ने बताया कि सभी को रोकने का कारण मीटिंग में शांति बनाए रखना था। उन्होंने कहा कि विधायक और प्रतिनिधिमंडल को अपनी बातें कहने का अवसर प्रदान किया जाएगा, परन्तु अनुशासन में रहकर।
“सरकार के गूंगे-बहरे अफसरों को जवाब देना होगा”
सेतिया ने आगे कहा —
“हम यहां कोई लड़ाई करने के लिए नहीं आए, बल्कि जनता की आवाज़ उठाने आए हैं। सिरसा के लोग परेशान हैं, और अब सरकार के गूंगे-बहरे अफसरों को जवाब देना होगा। जो काम नहीं करेगा, उसे यहां रहना मुश्किल होगा।”
उन्होंने कहा कि वे दिशा मीटिंग में कोई एजेंडा नहीं रखेंगे, लेकिन मीटिंग के बाद जनता की आवाज़ को और जोर से उठाएंगे।
मीटिंग के हालात
बैठक सुबह 11 बजे सिरसा पंचायत भवन में की गई थी, लेकिन हंगामा होने के कारण करीब 11:45 बजे शुरू हो सकी।
मीटिंग में सांसद कुमारी सैलजा, विधायक आदित्य देवीलाल, जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल, डीसी शांतनु शर्मा, एडीसी वीरेंद्र सिंह सहरावत, एसपी दीपक सहारण और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
वहीं आम जनता बड़ी संख्या में अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे।

मीटिंग से पहले ही सेतिया का वीडियो हुआ वायरल
इससे पहले सोमवार रात को विधायक गोकुल सेतिया विडिओ के जरिये लोगो से मीटिंग में पहुंचने के लिए अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था —
“जो लोग सीवरेज, गंदे पानी, खराब सड़कों, नहरों में पानी की कमी या बिजली कटौती जैसी परेशानियों से जूझ रहे हैं, वे दिशा मीटिंग में पहुंचें और अपनी बात खुलकर रखें।”
हंगामे के बावजूद, मीटिंग में सांसद सैलजा ने विकास कार्यों की समीक्षा की, जबकि विधायक सेतिया के विरोध से पूरे सिरसा में राजनीतिक हलचल मच गई |




































