हिसार जिले के बरवाला शहर में सोमवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया — स्क्रैप व्यापारी दीपक जुनेजा को अगवाह किया गया।
दीपक सिरसा से 31 लाख रुपये की पेमेंट लेकर बरवाला लौट रहे थे। रास्ते में गांव नंगथला के पास उनका फोन अचानक बंद हो गया।
जब फोन बंद हुआ, उस वक्त दीपक अपने भाई पंकज जुनेजा से बात कर रहे थे। भाई के अनुसार, दीपक की आवाज कांप रही थी, वह रो रहे थे — और अचानक कॉल कट गया। इसके बाद परिवार ने समाजसेवी सुशील आनंद को सूचना दी, जिन्होंने तत्काल बरवाला पुलिस को मामले से अवगत कराया।
पुलिस और सीआईए की टीमें रातभर व्यापारी की खोज में जुटीं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए — सिरसा के भावदीन टोल से लेकर अग्रोहा टोल तक। फुटेज में दीपक की कार आखिरी बार अग्रोहा मोड़ के पास बरवाला की ओर मुड़ती दिखाई दी। लेकिन उसके बाद कोई चिह्न नहीं मिला।
करीब 10 घंटे बाद, मंगलवार सुबह 6 बजे, पंकज को एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि दीपक उकलाना के पास फरीदपुर गांव में हैं और बेहद बदहवास हालत में हैं, कुछ बोल भी नहीं पा रहे।
परिवार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दीपक को उनकी कार से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। उन्हें तुरंत पुलिस सुरक्षा में लिया गया और पूछताछ शुरू की गई। 
स्क्रैप व्यापारी दीपक जुनेजा को गांव फरीदपुर से रेस्क्यू किया गया। वह गाड़ी में बदहवास हालत में मिले।

स्क्रैप व्यापारी अपने साथ हुई वारदात की जानकारी सुशील आनंद को देता हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में दीपक ने बताया कि रास्ते में उसकी कार से एक बाइक टकरा गई थी। बाइक सवार दो युवक बहस करने लगे और “खर्चा-पानी” मांगने लगे। दीपक ने 2 हजार रुपये दिए, लेकिन तभी दो और युवक वहां आ गए। उन्होंने दीपक की गर्दन पर चाकू रखकर जबरन उसे गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, उसे कुछ याद नहीं।
हालांकि, पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की हर तरीके से जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि मामला वैसा भी हो सकता है जैसा बताया जा रहा है, या कुछ और भी छिपा हो सकता है। परिवार और कारोबारी पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।
समाजसेवी सुशील आनंद ने कहा —
“हमने पुलिस से साफ कहा है कि जो भी सच्चाई है, वह सामने आनी चाहिए। चाहे मामला जैसा भी हो, जांच निष्पक्ष होनी जरूरी है।”
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि 31 लाख रुपये कहां गए और दीपक के साथ बीती रात हकीकत में क्या हुआ।




































