सिटी बिग न्यूज | हिसार-सिरसा
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव गहराता जा रहा है। इस हालात को देखते हुए हरियाणा के सिरसा जिले में रोडवेज प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सिरसा से अमृतसर और कटरा जाने वाली रोडवेज बस सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। इन रूट्स पर रोजाना दो से तीन बसें चलती थीं, जिनका संचालन अब रोक दिया गया है।
हालांकि पंजाब के अन्य रूटों पर अभी बसें जारी हैं, लेकिन हालात की गंभीरता को देखते हुए संभावना है कि शाम तक उन्हें भी बंद किया जा सकता है। पंजाब के कई जिलों में संवेदनशील माहौल बना हुआ है। पुलिस लगातार नाकेबंदी और चेकिंग कर रही है, ऐसे में रोडवेज प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ये कदम उठाया है।
चंडीगढ़ और राजस्थान रूट पर भी फैसला शाम तक लिया जाएगा। सिरसा की सीमाएं सीधे पंजाब और राजस्थान से लगती हैं, इसलिए ये निर्णय लिया गया है।
इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए रोडवेज विभाग अलर्ट मोड पर है। कुछ बसों को एंबुलेंस में बदलने की तैयारी शुरू कर दी गई है, जिसके लिए सीटें हटाई जा रही हैं और वर्कशॉप को निर्देश जारी किए गए हैं।
सभी ड्राइवर और कंडक्टर को आदेश दिया गया है कि अगर सायरन की आवाज सुनाई दे तो बस को तुरंत साइड में रोकें और यात्रियों में घबराहट ना फैलने दें। ब्लैकआउट की स्थिति में भी बस रोक कर उसकी सभी लाइटें बंद करने के निर्देश हैं।







































