सिटी बिग न्यूज | हिसार-हांसी
भारत-पाक सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को नारनौंद के बिजली निगम कार्यालय में हरियाणा अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ की अहम बैठक हुई। इस दौरान कर्मचारियों ने देशसेवा का संकल्प लिया और आपात स्थिति में 24 घंटे सेवा देने की प्रतिबद्धता जताई।
यूनियन नेता सुरेंद्र ने कहा कि मौजूदा हालात में अनुबंधित बिजली कर्मचारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी बिजली आपूर्ति बनाए रखने की तैयारी की जानकारी दी।
जिला नेता विकास बेनीवाल ने 1971 के युद्ध का उदाहरण देते हुए बताया कि तब भी भारतीय मजदूर संघ ने हड़ताल खत्म कर राष्ट्रहित में काम किया था। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यूनियन ने अस्पतालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और ब्लैकआउट से निपटने की योजना साझा की।
संघ ने रक्तदान, तकनीकी सेवाएं और अन्य हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। नेताओं ने समाज से एकजुट होकर सहयोग की अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को देशसेवा में अपना योगदान देना चाहिए।







































