सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा में केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार आज 7 मई को प्रदेश के 11 जिलों में मॉक ड्रिल की जाएगी। हिसार में यह अभ्यास खासतौर पर 10 से अधिक स्थानों पर किया जाएगा, जहां सायरन बजते ही सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रशासन एक संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन कर सरकारी तंत्र की क्षमता और तत्परता को परखेगा।
हिसार में 8 स्थानों पर सायरन बजाए जाएंगे और शाम को ब्लैकआउट भी किया जाएगा। इसको लेकर आज हिसार के डीसी 29 विभागों के अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे। मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को यह बताया जाएगा कि हवाई हमले जैसी स्थिति में उन्हें कहां शरण लेनी है और किन बातों का ध्यान रखना है।

प्रशासन आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित स्थानों की पहचान करेगा, ताकि ज़रूरत पड़ने पर नागरिक वहां आश्रय ले सकें। डिफेंस सेक्टर आरडब्ल्यूए प्रधान ईश्वर चंद्र रेहड़ू ने जानकारी दी कि वे भी शाम को अपने क्षेत्र में नागरिकों को लेकर मॉक अभ्यास कराएंगे और लोगों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण देंगे।
हिसार एक संवेदनशील क्षेत्र है क्योंकि यहां आर्मी बेस, एयरपोर्ट, और बीएसएफ कैंप स्थित हैं। हाल ही में हिसार एयरपोर्ट पर लड़ाकू विमानों ने रिहर्सल भी की थी। 10,000 फीट लंबी हवाई पट्टी के चलते यह इलाका सामरिक दृष्टि से अहम है। जाट कॉलेज के एनसीसी इंचार्ज सुनील कुमार ने कहा कि मॉक ड्रिल को लेकर अभी कोई आदेश नहीं मिले हैं, लेकिन वे हमेशा तैयार हैं और आदेश मिलते ही तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहेंगे।
📢 मॉक ड्रिल अलर्ट – हिसार
दिनांक: 7 मई 2025
स्थान: हरियाणा के 11 जिले
समय: शाम 7:50 बजे से 8:00 बजे तक
🕯️ 10 मिनट का ब्लैकआउट
👉 साइरन बजते ही सभी लोग लाइटें बंद करें और मॉक ड्रिल में सहयोग करें।
🔔 प्रशासन द्वारा संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन
यह अभ्यास आपकी सुरक्षा के लिए है। कृपया सहयोग करें।
🔐 आपात स्थिति से निपटने की तैयारी का हिस्सा
जिला प्रशासन, हिसार | गृह मंत्रालय, भारत सरकार







































