सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार में एडवोकेट राजकपूर बामल के साथ मारपीट मामले में दो दिन पहले दर्ज हुए केस के बाद अब आपसी समझौता हो गया है। शनिवार रात सेक्टर-5 स्थित सांसद आवास पर दोनों पक्षों की बैठक हुई, जिसमें समझौता किया गया। इस दौरान बार प्रधान संदीप बूरा और एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल भी मौजूद रहे।
समझौते के दौरान पूर्व जिला परिषद चेयरमैन और कांग्रेस नेता राजेंद्र सूरा ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि किसी की भी गलती नहीं थी, बस समय की परिस्थितियों ने ऐसा माहौल बना दिया था। भाईचारे को देखते हुए वह इस मामले को यहीं समाप्त करते हैं। इसके बाद सूरा ने एडवोकेट राजकपूर बामल को गले लगाया।
गौरतलब है कि अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने राजेंद्र सूरा और दीपक सूरा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 115, 126, 3, 351 के तहत केस दर्ज किया था।
बार प्रधान संदीप बूरा ने कहा कि राजेंद्र सूरा ने बड़ा दिल दिखाते हुए पहल की और मामला सुलझाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बार हमेशा वकीलों के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।
मामला 24 अप्रैल का है, जब दीपक सूरा ने एडवोकेट राजकपूर बामल के जिंदल चौक स्थित कुमार स्टांप पेपर कार्यालय से दो स्टांप पेपर खरीदे थे और शपथ पत्र तैयार कराया था। दीपक ने बिना हस्ताक्षर वाले शपथ पत्रों की नोटरी कराने को कहा, लेकिन बामल ने नियमों के चलते मना कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दीपक सूरा और राजेंद्र सूरा डंडे लेकर कार्यालय पहुंचे और एडवोकेट बामल से मारपीट की।
हालांकि, राजेंद्र सूरा का कहना है कि राजकपूर ने पहले गाली-गलौच की थी, जिसका विरोध करने पर झगड़ा बढ़ा। अब दोनों पक्षों ने मिल बैठकर मामले को शांतिपूर्वक सुलझा लिया है।




































