सिटी बिग न्यूज | फतेहाबाद
फतेहाबाद जिले के जाखल क्षेत्र के गांव तलवाड़ा में एक युवती से वॉट्सऐप कॉल के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। 26 वर्षीय स्टूडेंट रज्जी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अप्रैल को उसके पिता बंत सिंह को एक वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को यूनाइटेड किंग्डम (UK) में रहने वाला रिश्तेदार बताया और बताया कि उसका एक दोस्त भारत में है जिसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है और ऑपरेशन के लिए पैसों की जरूरत है।
ठग ने तुरंत ही एक गूगल पे नंबर भेजा और 1 लाख रुपए भेजने की बात कही। भरोसा जताते हुए कहा गया कि पैसे अगले दिन वापस कर दिए जाएंगे। रज्जी ने अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खाते से 50 हजार रुपए उस नंबर पर भेज दिए। कुछ देर बाद फिर से कॉल आई और 50 हजार रुपए और मांगे गए, लेकिन इस बार परिजनों ने मना कर दिया।
जब परिवार ने UK में रहने वाले असली रिश्तेदार से बात की तो उन्होंने किसी भी कॉल से इनकार कर दिया। इसके बाद रज्जी को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की।
अब साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया है।







































