सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला में सोशल मीडिया फ्रॉड का मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात साइबर अपराधियों ने बच्चों की मॉडलिंग प्रतियोगिता और अतिरिक्त कमाई का झांसा देकर एक महिला से 41,850 रुपए की ठगी कर ली।
पीड़ित नवीन गर्ग, जो बरवाला में सैनिटरी सामान का गोदाम चलाते हैं, ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 को उनकी पत्नी मोहिनी गर्ग फेसबुक चला रही थीं, तभी एक मॉडलिंग से संबंधित पोस्ट पर उनकी नजर पड़ी। पोस्ट को लाइक करने के बाद उन्हें एक लिंक से मैसेज आया, जिसमें एक शख्स ने खुद को “Receptionist” बताया और बच्चों की फ्री मॉडलिंग प्रतियोगिता में भाग लेने की बात कही।
मोहिनी गर्ग ने विश्वास करते हुए अपने बच्चे की जानकारी और फोटो भेज दी। इसके बाद टेलीग्राम ऐप के जरिए Ishana Sharma नामक अकाउंट से बातचीत शुरू हुई।
शुरुआत में बच्चों की मॉडलिंग की बात की गई, लेकिन फिर महिला से पूछा गया कि क्या वह एक्स्ट्रा इनकम कमाना चाहती हैं। हामी भरने पर उसे एक पोस्ट लाइक करने और स्क्रीनशॉट भेजने के बदले ₹150 ट्रांसफर किए गए।
धीरे-धीरे महिला को बड़े अमाउंट के ट्रांजैक्शन करने के लिए प्रेरित किया गया और कुल ₹41,850 की ठगी कर ली गई।
जैसे ही नवीन गर्ग को ठगी का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। बरवाला पुलिस ने अब इस मामले में धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






































