सिटी बिग न्यूज | हिसार
नागरिक अस्पताल, हिसार में पीएनडीटी विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. प्रभु दयाल के निलंबन के विरोध में शनिवार को चिकित्सकों ने दो घंटे की हड़ताल कर रोष प्रकट किया। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक डॉक्टरों ने कामकाज से विराम लिया और सीएमओ कार्यालय के सामने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।
चिकित्सकों ने कहा कि डॉ. प्रभु दयाल ने अपने कार्यकाल में पीएनडीटी एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू किया और हिसार जिले में लिंगानुपात सुधार में उल्लेखनीय योगदान दिया। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2015 में हिसार का लिंगानुपात 886 था, जो अब बढ़कर 916 हो गया है। चिकित्सकों का कहना है कि डॉ. दयाल के कार्यों की सराहना होनी चाहिए, न कि उन्हें सस्पेंड किया जाना चाहिए।
हड़ताल के चलते मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। नेत्र, स्त्री एवं प्रसूति रोग और फिजिशियन विभागों में ओपीडी में भीड़ नजर आई, वहीं एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत डॉक्टरों ने बच्चों और कुछ अन्य ओपीडी में सेवाएं दीं। मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
डॉ. प्रभु दयाल को हाल ही में नागरिक अस्पताल में एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा सस्पेंड किया गया है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।
चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि यदि डॉ. दयाल को न्याय नहीं मिला, तो वे आगे भी विरोध प्रदर्शन करेंगे।







































