सिटी बिग न्यूज | हिसार-हांसी
जिले के भाटला गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 46 वर्षीय किसान संजय शर्मा की जान चली गई। वीरवार शाम संजय खेत से बाइक पर घर लौट रहा था, तभी बरवाला की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय बाइक समेत सड़क से नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी, जिसके बाद संजय को हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक संजय शर्मा एक बेटी और दो बेटों का पिता था। बड़ी बेटी 10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है जबकि दोनों बेटे अन्य कक्षाओं में पढ़ते हैं। संजय अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह खेती के साथ-साथ पंडिताई का भी काम करता था।
हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हालांकि ग्रामीणों ने पिकअप का नंबर नोट कर लिया है, लेकिन आरोपी अभी तक पकड़ा नहीं गया है। संजय के छोटे भाई पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि संजय दो एकड़ जमीन पर खेती करता था और रोजाना की तरह खेत से घर लौट रहा था कि यह हादसा हो गया।
भाटला पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































