सिटी बिग न्यूज | हिसार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तलवंडी राणा के शेष बचे 2.2 किमी मार्ग को जल्द बनवाने का वादा किया है। तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति के प्रधान ओमप्रकाश कोहली एडवोकेट के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमण्डल धरनास्थल पर मुख्यमंत्री से मिला।
मुख्यमंत्री ने समिति को बताया कि रोड के निर्माण का मामला उनके संज्ञान में है। किसी कारणवश यह रोड नहीं बन पाया है तो अब इसे जल्द ही बनवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने संघर्ष समिति के धरने को रोड निर्माण का वादा कर यह धरना उठवाया था। सीएम सैनी ने कहा कि सरकार की कथनी व करनी में कोई अंतर नहीं है तथा सरकार जल्द से जल्द इस रोड के बकाया हिस्से का निर्माण करवाने का काम करेगी तथा धरने की सभी मांगों को पूरा किया जाएगा।
ओ.पी. कोहली ने बताया कि गत वर्ष तत्कालीन कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा तथा विधायक रामकुमार गौतम ने धरनास्थल पर पहुंच कर सरकार की तरफ से रोड बचाओ संघर्ष समिति को रोड बनवाने का आश्वासन दिया था।
सरकार के नुमांइदों के आश्वासन के बाद समिति ने अपना धरना समाप्त कर दिया था। संघर्ष समिति के प्रधान ओ.पी. कोहली ने बताया कि पूर्व में 20 जून को मुख्यमंत्री ने रोड निर्माण का वादा किया था, लेकिन आचार संहित लागू होने के कारण इस मामले में देरी हो गई। अब मुख्यमंत्री ने स्वयं इस मामले में समिति की मांग को मानते हुए इस रोड के जल्द निर्माण का वादा किया है।




































